चंबा-शक्तिदेहरा मार्ग पर फोलगत में बिजली उपकरण की दुकान में चोरी का दूसरे दिन भी कुछ पता नहीं चल पाया है। प्रभावित और पुलिस हैरान है कि इन अज्ञात चोरों को जमीन खा गई या आसमान निगल गया। उधर प्रभावित दुकानदार विजय राणा इस सदमे से काफी आहत हैं। जिस जगह इस वारदात को अंजाम दिया गया वह जगह बिल्कुल सड़क के साथ है। लिहाजा अगर चोर चुराए गए सामान के साथ किसी वाहन में बैठ कर निकल गए होंगे तो उनका पता काफी मुश्किल होगा।
प्रभावित दुकानदार विजय राणा ने बताया कि इससे पहले भी इस क्षेत्र में दो तीन दुकानों में चोरी हो चुकी है जिन्हें करने वालों का भी आज तक कुछ पता नहीं चल पाया है। उधर इस घटना के बाद इस क्षेत्र के लोग अपने आप को और अपनी संपत्ति को काफी असुरक्षित मान रहे हैं क्योंकि लोगों की पीठ के पीछे से अज्ञात चोर उनकी संपत्ति पर हाथ साफ किए जा रहे हैं। उधर इस मामले के पुलिस जांच अधिकारी हरनाम सिंह ने बताया कि पूछताछ चली हुई है। शीघ्र अज्ञात लोगों और उनके द्वारा चुराए गए सामान को बरामद कर लिया जाएगा।
उधर डीएसपी चंबा हेडक्वार्टर वीर बहादुर सिंह ने बताया कि मामला बेहद संगीन है। इस मामले की जांच में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। शीघ्र ही इस वारदात को अंजाम देने वाले पुलिस की गिरफ्त में होंगे।