चंबा। राजकीय माध्यमिक पाठशाला लग्गा में टीजीटी ने मंगलवार को विद्यार्थियों की छड़ी से जमकर धुनाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही प्रारंभिक शिक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच-पड़ताल की।
यहां विद्यार्थियों ने खुद अध्यापक की ओर से पिटाई करने की बात कही है। इसके अलावा स्कूल प्रबंधन समिति ने भी भविष्य में इस तरह का मामला होने पर कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया। जानकारी के मुताबिक टीजीटी ने स्कूल में बच्चों की मैदान में ही पिटाई शुरू कर दी। बारी-बारी हर विद्यार्थी को पीट दिया। पिटाई के दौरान अध्यापक की छड़ी भी टूट गई। अध्यापक की ओर से इतनी बेरहमी से पिटाई करने पर अभिभावकों में रोष है।
स्कूल प्रबंधन समिति ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच करने की गुहार लगाई है। बताया जा रहा है कि नियमों के अनुसार इस तरह विद्यार्थियों की पिटाई नहीं की जा सकती है। मंगलवार को प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा सुरेश कुमार शर्मा की अगुवाई में टीम स्कूल पहुंची। इस दौरान जिला उपशिक्षा अधिकारी हितेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुरेश कुमार शर्मा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अध्यापक ने विद्यार्थियों को पीटा है। कहा कि रिपोर्ट तैयार कर ली गई है, जिसे निदेशालय भेजा जाएगा।