रेखणबही की और जाने वाला खस्ताहल मार्ग।
- फोटो : Chamba
खज्जियार (चंबा)। विकास खंड चंबा के तहत ग्राम पंचायत औड़ा के गांव रिखणबेही के रास्ते की हालात खस्ता हो चुकी है। इसके चलते ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग की सुध लेने के बारे में वे कई बार पंचायत प्रतिनिधियों को अवगत करवा चुकेे हैं लेकिन, अभी तक रास्ते की सुध नहीं ली गई है। इससे ग्रामीणों में रोष है।
जानकारी के मुताबिक इस गांव की औड़ा से दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर है। खस्ताहाल मार्ग से करीब डेढ़ सौ लोग रोजाना आवाजाही कर रहे है। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग की हालत इतनी खराब है कि जगह-जगह रास्ते के पास मलबा गिरा हुआ है। ग्रामीणों लक्की कुमार, जर्म चंद, निर्मला देवी, किशोरी लाल, तेज सिंह, भीमा राम, करतार सिंह, अशोक कुमार और देसराज का कहना है कि एक तरफ जहां देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है तो वहीं, दूसरी तरफ इस गांव तक उचित पैदल रास्ता तक नहीं बन पाया है। उन्होंने बताया कि गांव सड़क सुविधा से भी अछूता है। ग्रामीणों ने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों से मांग की है कि जल्द इस मार्ग की सुध ली जाए।
स्थानीय पंचायत प्रधान संतोष कुमारी का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। कहा कि जल्द ही इस पैदल मार्ग को दुरुस्त करवाया जाएगा। उधर, पंचायत समिति सदस्य रमेश कुमार का कहना है कि रास्ते की हालत काफी खराब है। उन्होंने बताया कि रास्ते के निर्माण के लिए प्रशासन से गुहार लगाई जाएगी।