चंबा। साहो क्षेत्र के कुथार गांव में एक व्यक्ति के खाई में गिरने से मौत हो गई। मामले की जानकारी रविवार सुबह मिली। मृतक की पहचान जोगिंद्र सिंह पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव कुथार डाकघर साहो तहसील एवं जिला चंबा के रूप में हुई है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार जोगिंद्र सिंह शनिवार को शाम के समय जंगल से लकड़ी लाने गया था।
इस दौरान जब वह अमरेली जंगल के समीप पहुंचा तो अचानक उसका पांव फिसल गया, जिससे वह खाई में जा गिरा। ग्रामीणों ने घायल को चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। साथ ही आगामी जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी शकिनी कपूर ने बताया कि एक व्यक्ति की गिरने से मौत हुई है। कहा कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।