फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chamba News: तेजी से बढ़ रही वाहनों की संख्या... पार्किंग की सहूलियत सिर्फ कागजों में

Mon, 01 Dec 2025 10:59 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चम्बा
विज्ञापन
विज्ञापन
चंबा। जिले में वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन पार्किंग की सुविधा का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है। सपड़ी स्थित पुराने बस अड्डे की खाली जमीन पर 200 वाहनों की पार्किंग और बहुमंजिला भवन बनाने की योजना थी, जो सिरे नहीं चढ़ पाई है। इसका खामियाजा वाहन चालकों और रोजगार की आस लिए बैठे लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
विज्ञापन

वर्ष 2017 में सपड़ी से बस स्टैंड को रावी नदी के तट के किनारे जिला कारागार को तोड़कर बनाए गए परिसर में शिफ्ट किया था। तबसे यह जमीन खाली है। इसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने 5 अगस्त 2024 को मिंजर मेले के समापन पर वर्चुअल माध्यम से इस जगह पांच करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग और व्यावसायिक परिसर का निर्माण कार्य करने की घोषणा की।
साथ ही 18 माह के भीतर कार्य पूरा करने की भी बात कही। हालात यह हैं कि आज तक सपड़ी में प्रस्तावित पार्किंग और बहुमंजिला भवन तैयार नहीं हो पाया है। इसके पीछे जमीन की कमी और ड्राइंग न बनने के कारण सामने आए।
विज्ञापन

इससे पहले वर्ष 2023 में इस जमीन की निशानदेही भी करवाई थी। इसके बाद ड्राइंग तैयार की गई, लेकिन उसमें आपत्तियां लगने के बाद से लेकर यह काम ठंडे बस्ते में डाल दिया।
जिले में वर्तमान में कितनी पार्किंग की क्षमता
पुराने बस स्टैंड पर 80 गाड़ियों, राजीव गांधी कांप्लेक्स में 50 गाड़ियों, मेडिकल कॉलेज के समीप पार्किंग में 60 गाड़ियों, शिक्षा उच्च निदेशक कार्यालय भवन के नीचे पार्किंग में 40 गाड़ियां पार्क करने की सहूलियत है, लेकिन वाहनों की संख्या के आगे ये पार्किंग स्थल बौने साबित हो रहे हैं।

पुराने बस स्टैंड में लोगों की सहूलियत के लिए पार्किंग स्थल बनाने की योजना रही, लेकिन आज तक सिरे नहीं चढ़ पाई है। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। हरेंद्र सिंह, शहरवासी
शहर में पार्किंग का अभाव है। अपने वाहनों को पार्क करने के लिए लोगों को यहां-वहां भटकना पड़ता है। योजनाएं भी सिरे चढ़ती नजर नहीं आ रही है। देवेंद्र सिंह, शहरवासी
पार्किंग का निर्माण शहर समेत दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत है, लेकिन जमीन स्तर पर इसका कार्य आरंभ न होना चिंता का कारण बना हुआ है। हितेश चौणा, शहरवासी
पार्किंग का निर्माण के चर्चे लंबे समय से चल रहे हैं। धरातल पर काम शुरू होने पर ही कुछ कहा जा सकता है। अभी तक एक भी ईंट नहीं रखी जा सकी है। अरुण कुमार, शहरवासी
नए साल में शुरू होगा काम
जनवरी के पहले सप्ताह में लोगाें को 200 वाहन पार्क करने के लिए पार्किंग स्थल निर्माण का कार्य आरंभ होगा। कुछ आवश्यक कमियों को दूर करने के कारण इसे धरातल पर उतारने में देरी हुई है। नीरज नैयर, सदर विधायक चंबा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें