चंबा। जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढ़कर अब 50 के पार हो गया है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 259 लोगों के सैंपल लेकर कोरोना जांच की। इनमें 15 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए जिन्हें विभाग ने होम आइसोलेट कर दिया है। उनके संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की सूची बनाई जा रही है।
रविवार को उनकी भी कोरोना जांच की जाएगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी ने बताया कि चंबा में सक्रिय मरीजों का आंकड़ा काफी तेजी के साथ बढ़ रहा है। मौजूदा समय में जिले में 63 मरीज हो गए हैं। 15 नए मामले बालू पुल, साच, चंबा शहर, लिल्ह, डलहौजी और टिकरी क्षेत्र से संबंधित हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोविड नियमों को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। इससे कोरोना मामले और बढ़ सकते हैं।