चंबा। स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी से 40 लाख की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को अदालत ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जबकि इस मामले से जुड़े एक अन्य मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए अब पुलिस की टीम दिल्ली और उत्तर प्रदेश में दबिश देगी। पुलिस को आरोपी के वहां होने की भनक लगी है। इस मामले में छह आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। चार दिन पहले पुलिस ने सातवें आरोपी को फरीदाबाद से दबोचा था। उसे मंगलवार को चंबा अदालत में पेश किया गया। आठवां और अंतिम आरोपी अभी भी फरार है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस मुस्तैदी से कार्य कर रही है।
29 जून 2020 को ओम प्रकाश पुत्र बद्री राम निवासी गांव मलकौता डाकघर एवं तहसील भरमौर ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके पंजाब नेशनल बैंक के खाते से अज्ञात लोगों ने नेट बैंकिंग के जरिये 40 लाख रुपये उड़ा लिए हैं। पुलिस ने बैंक की सीसीटीवी फुटेज के जरिये छह आरोपियों को पालमपुर से दबोच लिया लेकिन दो मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर थे। इनमें एक एक आरोपी को पुलिस ने फरीदाबाद में दबोचा और दूसरे की तलाश जारी है।
पुलिस उप अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा ने पुष्टि की है। कहा कि दूसरे मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस मुस्तैदी से कार्य कर रही है।