क्रैश बैरियर लगाने और गिफ्ट डीड वाली सड़कों को पीडब्ल्यूडी के अधीन लेने की मांग
सड़क सुविधा से वंचित गांवों तक मार्ग बनाने पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। जिला परिषद चांजू वार्ड-03 की सड़कों की बदहाल स्थिति का मुद्दा जिला परिषद सदस्य रजनी मल्होत्रा ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के समक्ष उठाया।
उन्होंने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर सड़क हादसों पर अंकुश लगाने, गिफ्ट डीड वाली सड़कों को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन लेने और नए मार्ग बनाने की मांग की। मंत्री ने समस्याओं पर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में कल्हेल-जसौरगढ़ जीरो पॉइंट से दियोला और चांजू तक तथा कफाड़ी-शिकारी मोड़, नेरा और तीसा-दो मार्गों के संवेदनशील स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाने की मांग की गई। रजनी मल्होत्रा ने कहा कि कई सड़कों पर क्रैश बैरियर नहीं होने से हादसों का खतरा बना रहता है और कई लोग जान गंवा चुके हैं।
उन्होंने जसौरगढ़-स्लोह, ढांड-खडियारू, गढ़फरी-छजौट और टिकरीगढ़-कुरमूड सहित गिफ्ट डीड हो चुकी सड़कों को पीडब्ल्यूडी के अधीन लेने की मांग भी उठाई। ज्ञापन में दियोला-फणौता, सुंदर-भंगौड़, चरड़ा-महुआ और बघेईगढ़-कुडगूं मार्ग बनाने की मांग शामिल रही। उन्होंने बताया कि कुछ पंचायतें अब भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। छूटे हुए मार्गों को लेकर अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग, डलहौजी को अलग से ज्ञापन सौंपा जाएगा।