चौगान नंबर एक में लाइटें लगाने में जुटे कर्मचारी।
चंबा। जिला मुख्यालय का ऐतिहासिक चौगान नंबर-एक अब एक नए रूप में नजर आने वाला है। जल्द ही यह मैदान रंग-बिरंगी म्यूजिकल लाइटों की रोशनी से सराबोर होगा, जो कि स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बनेगा।
चंबा के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए शाम के समय चौगान के आसपास घूमने वाले लोगों के अनुभव को यादगार बनाने के लिए यह पहल की गई है। इन आधुनिक रंग-बिरंगी लाइटों के स्थापित होने से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी। साथ ही रात के समय पर्यटकों के लिए भी यह एक रोमांचक अनुभव होगा।
इस परियोजना की रूपरेखा सदर विधायक नीरज नैयर द्वारा तैयार करवाई। उन्होंने चंबा के सौंदर्यीकरण के लिए सरकार के समक्ष एक विस्तृत प्रस्ताव रखा। सरकार की ओर से इस योजना को न केवल स्वीकृति प्रदान की गई बल्कि इसके लिए आवश्यक बजट भी जारी कर दिया गया है। वर्तमान में इस कार्य को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के आधुनिक कदमों से चंबा की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी मजबूत होगी। चंबा के ऐतिहासिक चौगान और इसकी सुंदरता में ये रंग-बिरंगी लाइटें चार चांद लगाने का काम करेगी।
उधर, नगर परिषद अधिकारी राखी कौशल ने कहा कि चौगान के चारों ओर 12 लाख रुपये की राशि खर्च कर रंग-बिरंगी लाइटें लगाई जा रही है। जिससे ऐतिहासिक चौगान की सुंदरता और बढ़ेगी।
सदर विधायक नीरज नैयर ने कहा कि चंबा के ऐतिहासिक चौगान नंबर-एक के इर्द-गिर्द रंग-बिरंगी म्यूजिकल लाइटों को लगाने का कार्य आरंभ करवाया गया है। जल्द ही इस कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा।