अरुजन गोपाल, पल्लवी पठानिया और प्रदीप दीपी ने पहाड़ी, हिमाचली, हिंदी और पंजाबी गीतों से बांधा समां
नैनीखड्ड वार्ड के जिला परिषद सदस्य प्रदीप शर्मा रहे मुख्यातिथि, देर रात तक प्रस्तुतियों पर झूमते रहे दर्शक
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। ग्राम पंचायत खैरी (समलेऊ) में आयोजित तीन दिवसीय पारंपरिक छिंज मेले का सांस्कृतिक रंगों के बीच समापन हुआ। मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम में नैनीखड्ड वार्ड के जिला परिषद सदस्य प्रदीप शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
सांस्कृतिक संध्या में अरुजन गोपाल, पल्लवी पठानिया और प्रदीप दीपी ने हिमाचली, पहाड़ी, हिंदी और पंजाबी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने एक के बाद एक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों और नृत्य के साथ उत्साह बढ़ाया।
मुख्यातिथि प्रदीप शर्मा ने कहा कि पारंपरिक मेले और उत्सव लोक संस्कृति, रीति-रिवाजों और पुरानी परंपराओं को संजोकर नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन लोगों को आपसी मेलजोल का अवसर देने के साथ अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ते हैं। मेला समिति के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने छिंज मेले के सफल आयोजन के लिए प्रशासन, स्थानीय लोगों, कलाकारों, खिलाड़ियों और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।