चंबा। उच्च शिक्षा विभाग चंबा की टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लाहरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने तमाम व्यवस्थाओं को जांचने के साथ ही स्कूल का रिकॉर्ड भी खंगाला। इस दौरान स्कूल में करवाए गए मरम्मत कार्यों में कुछ वित्तीय अनियमितताएं पाई गईं। इस पर टीम ने स्कूल प्रबंधन को 15 दिन के भीतर इन खामियों को दुरुस्त करने के आदेश दिए।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगर दी गई मोहलत में व्यवस्था दुरुस्त नहीं पाई गई तो आगामी विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान स्कूल कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा। गौरतलब है कि कुछ लोगों ने स्कूल में अव्यवस्था को लेकर उच्च शिक्षा विभाग चंबा के कार्यालय में शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर उच्च शिक्षा उपनिदेशक प्यार सिंह चाढ़क की अगुवाई में टीम मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंची। यहां शौचालयों और कक्षाओं में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं पाई गई।
इसके अलावा स्कूल रिकॉर्ड में वित्तीय अनियमितताओं का भी खुलासा हुआ। टीम ने स्कूल में बच्चों को नियमित तौर पर मास्क पहनने सहित सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने के लिए कहा। इस मौके पर अधीक्षक सीआर भारद्वाज और दर्शन जसरोटिया भी मौजूद रहे। उच्च शिक्षा उपनिदेशक प्यार सिंह चाढ़क ने पुष्टि की है।