मंगला में सड़क पर बहते निकासी नालियों के पानी ने खोली पीडब्ल्यूडी की पोल
हाड़ा नाला का जलस्तर बढ़ने से सड़क पर आ गया पानी, परेशान होते रहे राहगीर
संजय रैणा
मंगला (चंबा)। मंगला में बारिश ने लोक निर्माण विभाग की पोल खोल दी। मंगला-जोत-खज्जियार मार्ग पर मंगला वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के साथ लगते हाड़ा नाला में बारिश से जलस्तर बढ़ गया।
देखते ही देखते सड़क पर भी पानी का सैलाब बहने लगा। सड़क से बहते पानी से होकर गुजरने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हर कोई पीडब्ल्यूडी मंत्री की ओर से पुली निर्माण को लेकर दिए निर्देशों की अनुपालना न करने को लेकर विभाग को कोसते नजर आए।
दिन : सोमवार। समय : 1 बजे। स्थान : मंगला। मूसलाधार बारिश ने पीडब्ल्यूडी की निकासी नाली का का मुख्य चौक मंगला में सड़क पर बहने लगा। देखते ही देखते सड़क के साथ रखे स्टूल और क्रेट बहने लगे। दूसरे किनारे पर स्थित दुकानदार ने आवाज लगा कर दुकानदार को सामान बहने की बात बताई। दुकानदार दुकान से निकल कर सामान समेटने में मशगूल हो गया। वह भी बारिश में भीग गया। दोपहर 1:20 बजे। चार लड़कियां पैदल ही मंगला की ओर आ रही हैं। हाड़ा नाला में बारिश के बाद जलस्तर बढ़ने और सड़क पर पानी बहने से सभी कुछ देर के लिए इसे पार करने को लेकर सोचने पर मजबूर हो गईं। लड़कियां हिम्मत दिखाते हुए सड़क से होकर बहने वाले गंदे पानी को पार कर आगे बढ़ीं। सबसे पीछे चल रही लड़की ने भाग कर गंदे पानी को पार किया। राज कुमार, मोनू कुमार, कुलदीप कुमार, रमेश कुमार, सुरेश कुमार, सुधीर कुमार, विजय कुमार, अजय कुमार ने बताया कि आपदा के बाद लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य क्षेत्र में नुकसान का जायजा लेने पहुंचे थे। ग्रामीणों ने हाड़ा नाला में कंकरीट का पुल बनाने की मांग की थी। मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को उक्त स्थान पर कंकरीट पुल निर्माण करने के निर्देश दिए थे। हैरानी की बात है कि आज तक नाला पर पुली का निर्माण तक नहीं हो पाया है।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता इंजीनियर जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। जल्द ही इस दिशा में कारगर कदम उठाए जाएंगे।
-
हाड़ा नाला में पुली निर्माण होनी चाहिए। कई बार मांग उठाने के बाद भी विभाग ने पुली निर्माण को लेकर कोई प्रयास नहीं किए हैं। - सुरेश ठाकुर
लोक निर्माण विभाग हादसे का ही इंतजार कर रहा है। बारिश होने पर नाले में पानी का सैलाब बहने लगता है जिससे ग्रामीण परेशान हैं। - विक्कू
जरा सी बारिश विभाग की कार्यप्रणाली की पोल खोल देती है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण सोमवार को भी देखने को मिला है। - दर्शन चौहान
बारिश में हाड़ा नाला समेत सड़क से गुजरना लोगों को जान जोखिम में डालने से कम नहीं रहता। विभाग का ध्यान न देना समझ से परे है। - विष्णु जरयाल