चंबा। 31 मार्च 2023 को दो साल की अवधि पूरी करने वाले टीजीटी अध्यापकों को नियमितीकरण का तोहफा मिलेगा। इस संदर्भ में प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा ने समस्त प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग ने सभी स्कूलों से दो साल की अवधि पूरी करने वाले टीजीटी अध्यापकों का ब्योरा मांगा है। इसके लिए विभाग ने 17 अप्रैल का समय स्कूल मुखियाओं को दिया है।
जैसे ही यह ब्योरा विभाग के कार्यालय पहुंचेंगा विभाग की ओर से तमाम औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद यह ब्योरा प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय भेजा जाएगा। यहां से अध्यापकों के नियमितीकरण के आदेश जारी किए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्कूल मुखिया ध्यानपूर्वक शिक्षकों की सूची उपलब्ध करवाएं। इस मामले में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए स्कूल मुखिया स्वयं जिम्मेदार होंगे। गौरतलब है कि अनुबंध आधार पर कार्यरत कर्मचारियों को सरकार की ओर से अब दो साल पूरा करने पर नियमितीकरण की सौगात दी जा रही है। इससे पहले यह अवधि तीन साल थी लेकिन पूर्व सरकार ने इस अवधि को एक साल कम कर दिया है। ऐसे में अब दो साल में ही अनुबंध कर्मचारी नियमित हो रहे हैं। कार्यकारी प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक प्यार सिंह चाढ़क ने खबर की पुष्टि की है। कहा कि दो साल का कार्यकाल पूरा करने वाले टीजीटी अध्यापकों को नियमित किया जाएगा। इसके लिए समस्त स्कूलों से ब्योरा मांगा गया है।