चंबा। करोड़ों की लाॅटरी पाने के चक्कर में एक व्यक्ति ने अपने 11 लाख रुपये लुटा दिए। जिला चंबा के विकास खंड सलूणी से संबंधित एक व्यक्ति ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन धर्मशाला में अपने साथ हुई ठगी की शिकायत दर्ज करवाई है। धर्मशाला से इस शिकायत को शिमला भेजा गया है जहां पर एफआईआर होने के उपरांत मामले में पुलिस जांच पड़ताल शुरू करेगी।
शिकायत दो दिन पहले ही धर्मशाला के साइबर क्राइम थाने में दर्ज हुई है। इसमें पीड़ित ने पुलिस को बताया कि गूगल पे के जरिये शातिरों को करीब 11 लाख रुपये दिए। अपने साथ ठगी का उसे उस समय अहसास हुआ जब खाते से बार-बार पैसे कटने के उपरांत भी उसे लाॅटरी की रकम नहीं मिली। इसको लेकर जब उसने शातिरों से पैसे मांगे तो उन्होंने उसका फोन उठाना ही बंद कर दिया। शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले मोबाइल पर मैसेेज आया कि उसे करोड़ की लॉटरी लगी है। लॉटरी का मैसेज आने के बाद उसे शातिरों ने फोन करना शुरू कर दिया। इसमें शातिरों ने उससे मांग की कि लॉटरी का पैसा लेने के लिए पहले उसे सिक्योरिटी के रूप में कुछ पैसे देने होंगे। शातिरों की बातों में आकर व्यक्ति ने उनके बताए बैंक खाते में पैसे डाल दिए। यह सिलसिला एक बार में ही खत्म नहीं हुआ बल्कि उन्होंने कई बार शातिरों के बताए बैंक खाते में पैसे डाले। जब ऐसा करते हुए उनके खाते से 11 लाख की धनराशि निकल गई तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी की जा रही है। अब उन्होंने साइबर क्राइम थाना धर्मशाला में शिकायत दी है। धर्मशाला से इस शिकायत को शिमला भेजा गया है। किहार थाना के प्रभारी बाबू राम शर्मा ने बताया कि विकास खंड सलूणी से लॉटरी के नाम ठगी को लेकर धर्मशाला साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज की गई है। वहां की पुलिस इस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।