चंबा। जिले में बनाई गई 26 नई पंचायतों में से दस पंचायतों को अब जल्द अपने भवन मिल जाएंगे। भूमि की दस्तावेज संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने पर जिला पंचायतीराज विभाग की ओर से इन पंचायतों को निर्धारित बजट जारी कर दिया गया है। प्रत्येक पंचायत भवन के निर्माण पर 11 लाख रुपये खर्च होंगे।
जानकारी के मुताबिक विकास खंड चंबा के तहत ग्राम पंचायत निहुंई, भड़ोह, चंबी, भरमौर विकास खंड की साहली, तीसा विकास खंड की बिहाली, देहरोग और विकास खंड मैहला की ग्राम पंचायत टपूण, फागड़ी, कुम्हारका और धरेड़ी को बजट जारी किया गया है। पंचायत भवनों के कार्य का समय-समय पर निरीक्षण भी किया जाएगा।
गौरतलब है कि पंचायत चुनाव से पहले जिले में पंचायतों का पुनर्गठन किया गया है। इससे पहले जिले में 283 पंचायतें थीं लेकिन, नवगठित पंचायतों के बाद यह आंकड़ा 309 पहुंच गया है। जिले में 26 नई पंचायतें बनाई गई हैं। सरकार ने पंचायतों के गठन के बाद से ही दस लाख रुपये प्रति पंचायत भवन को देने के आदेश जारी किए थे। बहरहाल, अब नई पंचायतों के भवनों के लिए प्रतिनिधि जमीन संबंधित दस्तावेजों की औपचारिकताएं पूरी करने में जुटे हैं। जिन पंचायतों की औपचारिकताएं पूरी होंगी, उन्हें निर्धारित बजट आवंटित कर दिया जाएगा।
जिला पंचायत अधिकारी महेश ठाकुर ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिले की नवगठित दस पंचायतों को करीब एक करोड़ दस लाख की राशि भवनों के निर्माण के लिए जारी कर दी है। कहा कि प्रत्येक पंचायत भवन के निर्माण कार्य पर 11 लाख की राशि खर्च होगी। कहा कि औपचारिकताएं पूरी करने वाली पंचायतों को बजट दिया जाएगा।