भरमौर की ऊंची चोटियों पर हुआ ताजा हिमपात।
- फोटो : Chamba
भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की चोटियां बर्फ से सराबोर हो गईं। सोमवार को ऊंचे इलाकों में जहां दो से तीन इंच तक बर्फबारी हुई तो वहीं, निचले क्षेत्रों में बारिश से प्रचंड शीतलहर चली। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इन दिनों क्षेत्र में मक्की, राजमाह और आलू की फसल का कार्य चला हुआ है।
सोमवार को बारिश के कारण किसान खेतों में कार्य नहीं कर पाए। मणिमहेश, कैलाश पर्वत, कुगति, चौबिया, खपरांश, काली छौ, घटौर, क्वारंसी और जालसू जोत में बर्फबारी हुई। किसानों का कहना है कि वर्तमान में खेतों में चारा सुखाने का भी कार्य चला हुआ है लेकिन, बारिश से सोमवार को काम प्रभावित हुआ।
वहीं, जिला मुख्यालय में भी सोमवार को दोपहर तक बारिश का दौर जारी रहा। दोपहर बाद धूप भी निकली। गौरतलब है कि पिछले करीब एक सप्ताह से जिले में मौसम परिवर्तन हो रहा है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। वहीं, साच पास में भी हल्की बर्फबारी हुई है।