चंबा। जिले में एक से 30 जून तक एनीमिया मुक्त अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत छह माह से 10 साल तक के 95,000 बच्चों की स्क्रीनिंग की जाएगी।
यह जानकारी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा ने अभियान को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान के प्रति बच्चों और उनके अभिभावकों को भी प्रेरित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों में एनीमिया के लक्षण पाए जाएंगे, उनका स्वास्थ्य विभाग की टीम उपचार करेगी।
उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा विभाग को बच्चों को शुरुआती तौर पर एनीमिया की पहचान और आयरन युक्त पोषण आहार के महत्व के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए। 15 से 30 जून तक चलने वाले प्रथम चरण में गहन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा प्लान के तहत जिले में 0 से पांच वर्ष तक की आयु के 5,92,408 बच्चों को लगभग एक लाख ओआरएस घोल के पैकेट और सात लाख जिंक टेबलेट वितरित किए जाएंगे। इनका वितरण आशा वर्कर घर-द्वार तक पहुंचाना सुनिश्चित बनाएंगी। अमित मेहरा ने कहा कि जिले में एक से 19 साल तक के 1,65,347 बच्चों को एल्बेंडाजोल की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने इस अभियान के बेहतर क्रियान्वयन के लिए खंड स्तर पर निगरानी रखने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित बनाने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने यह भी कहा कि एक से पांच साल तक के 44,251 बच्चों को विटामिन-ए खुराक भी दी जाएगी। बैठक की कार्यवाही का संचालन जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जालम ने किया। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास राकेश कुमार, ओएसडी प्रारंभिक शिक्षा सुधीर सहगल, सचिव जिला रेडक्रॉस सोसायटी नीना सहगल, नोडल अधिकारी उच्च शिक्षा संदीप शर्मा आदि मौजूद रहे।