डलहौजी (चंबा)। पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन करने पर सोमवार को एक गाड़ी को जब्त किया है। यह गाड़ी बनीखेत स्थित एक स्कूल के बच्चों को स्कूल लाने-जाने के लिए लगी थी।
पुलिस ने रूटीन चेकिंग के दौरान पाया कि इस गाड़ी का कोई भी दस्तावेज नहीं था। इसे स्कूली बच्चों के लिए लगाया गया था। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया। डीएसपी मयंक शर्मा ने बताया कि स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा सबसे पहले है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि बच्चों के लिए स्कूल आने-जाने वाले वाहन लगाने से पहले जांच कर लें कि उस वाहन से संबंधित सभी कागजात पूरे हैं या नहीं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि गाड़ी संबंधित जैसे इंश्योरेंस , रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट सहित सभी डॉक्यूमेंट पूरे रखे और नियमानुसार वाहन चलाएं। संवाद