चंबा। कोरोना की दूसरी लहर के बीच प्रदेश भर में दसवीं और जमा दो कक्षा के लिए अगस्त को सरकारी और निजी स्कूल खुलने जा रहे हैं। चंबा में स्कूल दो को नहीं तीन अगस्त को खुलेंगे। मिंजर मेले के समापन के बाद दो अगस्त को अवकाश रहेगा। ऐसे में स्कूल तीन अगस्त को खोले जाएंगे।
जिले में 237 सीनियर सेकेंडरी और हाई स्कूलों में तीन अगस्त से पढ़ाई शुरू होगी। स्कूलों ने भी एसओपी तैयार कर ली है। स्कूलों में बीमार बच्चों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य रहेगी। कोरोना महामारी के चलते पढ़ाई का तरीका बदला है।
सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान घर पर बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाने की व्यवस्था बनाई, जो काफी हद तक कारगर साबित हुई। सरकार ने पांचवीं और आठवीं के विद्यार्थियों के लिए भी स्कूल खोले हैं, लेकिन यहां बच्चों को कक्षा में नहीं पढ़ाया जाएगा। बच्चे अभिभावकों की अनुमति के बाद पढ़ाई के दौरान हो रही दिक्कतों के समाधान के लिए स्कूल आ सकते हैं। प्रदेश में कोरोना के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। एक सप्ताह से लगातार कोरोना का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। उपायुक्त डीसी राणा ने बताया कि मिंजर मेले के स्थानीय अवकाश के चलते दो अगस्त के बजाय तीन अगस्त को चंबा में स्कूल खुलेंगे।