Samples of six medicines filled in Chaba city
चंबा। चंबा शहर में केमिस्ट की दुकानों से स्वास्थ्य विभाग ने मल्टी विटामिन, पेन किलर सहित अन्य दवाओं के छह सैंपल भरे। साथ ही केमिस्टों को आदेश दिए कि वे डॉक्टर की पर्ची के बिना किसी को दवाई न बेचें। आदेश की अवहेलना करने वालों पर विभाग कड़ी कार्रवाई करेगा। विभाग का कहना है कि अक्सर देखा गया है कि कुछ युवा दवाइयों को नशे के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे युवा पीढ़ी नशे के दलदल में फंसती जा रही है।
युवाओं को इस दलदल से बचाने के लिए प्रशासन और विभाग सख्त हो गए हैं। केमिस्टों पर शिकंजा कसने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश दिए गए हैं। इससे दवाई खरीदने वाले सभी लोगों का पूरा रिकॉर्ड दर्ज होगा। दवाई लेने वाले लोगों पर नजर रखी जा सकेगी। समय-समय पर सीसीटीवी की फुटेज को खंगालकर स्वास्थ्य विभाग जांच करेगा। इसमें अगर किसी केमिस्ट की दुकान में बिना पर्ची युवाओं को नशीली दवाई बेचते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कुछ सीसीटीवी कैमरे खराब पाए गए, जिन्हें तुरंत दुरुस्त करवाने के आदेश दिए गए हैं।
वहीं, दवाइयों की गुणवत्ता जांचने के लिए सैंपल भरकर जांच के लिए विभागीय प्रयोगशाला में भेजे जा रहे हैं। शनिवार को प्रशासनिक और विभागीय सख्ती से केमिस्टों में हड़कंप मच गया है। अब केमिस्टों को दवाई बेचते समय पूरा रिकॉर्ड रखना होगा। दवा निरीक्षक राकेश कौशल ने बताया कि शहर की केमिस्ट की दुकानों से छह दवाइयों के सैंपल भरे गए हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। केमिस्टों को डॉक्टर की पर्ची के बिना नशीली दवाएं न बेचने के आदेश दिए गए हैं।