चंबा। जिले में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एचपीएसडीएमए) के निर्देशों पर बुधवार को समर्थ-2025 अभियान शुरू हुआ, जो 31 अक्तूबर तक चलेगा। इस दौरान लोगों को आपदा से बचाव और तैयारी के बारे में जागरूक किया जाएगा। यह अभियान अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस (13 अक्तूबर) से जोड़ा गया है।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि 2 अक्तूबर को सभी ग्राम सभाओं में बैठकें होंगी। इनमें पंचायतों की आपदा से पहले, दौरान और बाद की भूमिकाओं पर चर्चा होगी। साथ ही भूस्खलन रोकथाम, सुरक्षित मकान बनाने, मलबा निपटान, जल निकासी व्यवस्था और आग से बचाव जैसे विषय शामिल रहेंगे।
जिले की हर पंचायत में 10 से 15 युवाओं की एक आपदा टास्क फोर्स बनाई जाएगी और आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र स्थापित किए जाएंगे। ये प्रशिक्षित युवा पंचायत प्रधान के साथ मिलकर आपदा के समय राहत और बचाव का काम करेंगे।
उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों को भूकंप-रोधी बनाएं, आपातकालीन किट तैयार रखें, प्राथमिक उपचार सीखें और केवल सरकारी सूचना पर ही भरोसा करें। किसी भी आपदा की स्थिति में लोग जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 1077 या 9816698166 पर संपर्क कर सकते हैं।