चंबा के भनौता स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों से बात करते मुख्यातिथि प्रधाना
वॉलीबाल में चुराह जोन ने मारी बाजी, भनौता में जिला स्तरीय अंडर-14 प्रतियोगिता के दूसरे दिन दिखा रोमांच
तीनों खेलों के फाइनल में खिलाड़ियों ने झोंकी पूरी ताकत, शुक्रवार को होगा प्रतियोगिता का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
चनेड़ (चंबा)। राजकीय माध्यमिक विद्यालय भनौता में चल रही जिला स्तरीय छात्रा वर्ग अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन मैदान में जीत के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
कबड्डी और बैडमिंटन में सलूणी जोन की छात्राओं ने खिताब अपने नाम किया, जबकि वॉलीबाल में चुराह जोन विजेता बना।
कबड्डी के फाइनल में भटियात जोन और सलूणी जोन की टीमें आमने-सामने थीं। रोमांचक मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करते हुए सलूणी जोन ने जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा किया। वॉलीबाल के फाइनल में चुराह जोन और सेंटर जोन के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें चुराह जोन की टीम विजेता रही।
बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले में सेंटर फर्स्ट और सलूणी जोन की टीमें भिड़ीं। सलूणी जोन की छात्राओं ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला जीत लिया। प्रतियोगिता में विभिन्न जोन की छात्राओं ने खेल प्रतिभा के साथ अनुशासन का भी परिचय दिया।
प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को होगा। समापन समारोह में चंबा सदर विधायक नीरज नैय्यर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। सहायक प्रारंभिक शारीरिक शिक्षा अधिकारी मोहिंद्र ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवा रही है। समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।