चंबा। नगर परिषद के तहत चौगान नंबर तीन में अवैध रूप से वाहन पार्क करने वाले वाहन चालक नपेंगे। नगर परिषद ने इसके बारे में आदेश जारी कर दिए हैं। चालकों को नगर परिषद ने वाहन हटाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। जबकि, एक तरफ एंट्री प्वाइंट आगामी दो दिन में बंद कर दिया जाएगा। नगर परिषद ने साफ किया है कि अगर वाहन मालिक चौगान नंबर तीन से अपने वाहन नहीं हटाते हैं तो उनके वाहन भीतर रहते ही चौगान नंबर तीन को एक सप्ताह के भीतर बंद कर दिया जाएगा। इस लापरवाही के लिए वाहन चालक स्वयं जिम्मेदार होंगे।
जानकारी के मुताबिक चौगान नंबर तीन को संवारने के लिए नगर परिषद ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। इस चौगान का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और जैविक खाद के जरिये चौगान में हरी घास उगाई जाएगी। इसके लिए नगर परिषद ने रणनीति तैयार कर ली है। लेकिन, कुछ वाहन चालक अभी भी चौगान में अपने वाहन पार्क कर रहे हैं। बहरहाल, अब इन वाहन चालकों को नगर परिषद ने अंतिम चेतावनी देकर सात दिन की मोहलत दी है।
नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि वाहन चालकों को एक सप्ताह का समय दिया गया है। कहा कि दो दिन में चौगान नंबर तीन का एक एंट्री प्वाइंट बंद कर दिया जाएगा। कहा कि चौगान नंबर तीन में भी घास उगाई जाएगी।