मणिमहेश यात्रा पर करीब एक महीने तक प्रशासन वाहन व यात्रियों का पंजीकरण करेगा। बुधवार को भरमौर में हुई नीलामी प्रक्रिया के दौरान एक स्थानीय ठेकेदार को दो प्रतिशत कमीशन के आधार पर श्रद्धालुओं व वाहनों के पंजीकरण का ठेका प्रदान कर दिया गया।
श्रद्धालुओं का पंजीकरण गुई नाला व हड़सर में होगा। वाहनों का पंजीकरण कलसूई में किया जाएगा। इन दोनों के पंजीकरण के जितनी भी कमाई होगी उसका दो प्रतिशत ठेकेदार को मिलेगा जबकि अन्य राशि मणिमहेश ट्रस्ट के खाते में जमा हो जाएगी। इसके एवज में ठेकेदार दोनों जगह अपने कर्मचारी तैनात करेगा और पल-पल की अपडेट प्रशासन को देता रहेगा। श्रद्धालुओं के पंजीकरण से पहली मर्तबा भरमौर प्रशासन को मणिमहेश यात्रियों की सही गिनती का पता चल सकेगा।
गौरतलब है कि प्रशासन ने इस बार मणिमहेश जाने वाले श्रद्धालुओं से पंजीकरण के नाम पर बीस रुपये प्रति श्रद्धालु वसूल करने का फैसला किया है। अतिरिक्त दंडाधिकारी भरमौर विनय धीमान ने बताया कि बुधवार को अनिल कुमार निवासी चौभिया ने दो प्रतिशत दाम भरकर सबसे नीचे बोली लगाई थी। इस प्रक्रिया में कुल दस बोली दाताओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि यह पंजीकरण 13 अगस्त से 12 सितंबर तक रहेगा। पिछले साल करीब बीस दिन श्रद्धालुओं का पंजीकरण हो पाया था। एडीएम ने बताया कि प्रशासन के पास मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की पुख्ता जानकारी नहीं है। ऐसे में इस साल दो प्रतिशत कमीशन पर काम करेगा। इस मौके पर एसडीएम जितेंद्र कंवर मौजूद थे।