उपायुक्त कार्यालय में बैठक के दौरान विभागों के अधिकारी।
- फोटो : Chamba
चंबा। रावी नदी उत्सव के तहत भरमौर, होली और चंबा में स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। चंबा के करियां, शीतला पुल से लेकर मंगला, सरोल, परेल समेत अन्य क्षेत्रों में नदी तट पर साफ सफाई होगी।
उपायुक्त डीसी राणा ने यह बात आजादी के अमृत महोत्सव की शृंखला में आयोजित किए जा रहे रावी नदी उत्सव के तहत की जाने वाली गतिविधियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि उत्सव में विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. हंसराज बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। सदर विधायक पवन नैयर विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि रावी नदी के संरक्षण और स्वच्छता के लिए के सभी विभाग, नगर परिषद, चंबा शहर के साथ लगती पंचायतें, शैक्षणिक संस्थान, गैर सरकारी संगठन, व्यापार मंडल की रावी नदी उत्सव में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि चूंकि पौराणिक रावी नदी जीवनदायिनी और चंबा की पहचान है। ऐसे में नदी के संरक्षण और स्वच्छता को लेकर युवा पीढ़ी में संदेश जाना चाहिए।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे वीरवार शाम 6 बजे एक दीपक रावी नदी के नाम से अपने घरों और पूजा स्थलों में अवश्य जलाएं। उन्होंने बताया कि चंबा के ऐतिहासिक चौगान में दोपहर को स्वच्छता शपथ और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। इसी तरह शाम 5.30 बजे परिधि गृह से रावी नदी तट तक नेहरू युवा केंद्र के वालंटियर स्वच्छता मशाल यात्रा निकालेंगे। शाम को शीतला माता मंदिर के समीप और परेल में नदी तट पर आरती का आयोजन होगा। इस दौरान वन विभाग की ओर से चिनार के पौधे भी रोपे जाएंगे।