चंबा। चंबा-पठानकोट एनएच पर पड़े गड्ढों से लोगों को निजात दिलवाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने चंबा-जोत मार्ग को चकाचक कर दिया है। मार्ग के सुधारीकरण का कार्य पहले से ही चल रहा था। अब इस मार्ग पर सफर सुहाना बनाने के लिए विभाग ने टारिंग शुरू कर दी है।
चार किलोमीटर के भाग पर साठ लाख की धनराशि से टारिंग करवाई जा रही है। इससे सड़क पर चालकों को कहीं पर गड्ढे नजर नहीं आएंगे। चंबा, तीसा, भरमौर समेत दूसरे क्षेत्रों के लोग पठानकोट और अन्य जिलों को जाने के लिए वाया चंबा-जोत होकर सफर कर सकेंगे। वाहन की दुर्घटना की संभावना को खत्म करने के लिए इस मार्ग को चौड़ा किया है। चंबा-जोत मार्ग से पठानकोट समेत अन्य जिलों को जाने में 35 किलोमीटर का सफर कम करना पड़ेगा। साथ ही आधे घंटे का समय भी बचेगा।
चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग की हालत इन दिनों खस्ता है। यहां पर गाड़ी चलाने वाले चालक तौबा कर रहे हैं। एनएच पर गड्ढों की इतनी ज्यादा भरमार हो चुकी है कि चालकों को सारा ध्यान गड्ढों पर ही केंद्रित करना पड़ता है। गड्ढों को बचाने के चक्कर में वाहन दुर्घटना का भी खतरा रहता है। इसके चलते जिले के लोग अब चंबा-जोत मार्ग को अपनी आवाजाही के लिए चुन रहे हैं। इससे यातायात भी काफी बढ़ गया है। बढ़ते यातायात को देखते हुए लोनिवि ने मार्ग को चकाचक करना शुरू कर दिया है।
बर्फबारी में जल्दी खोली सड़क
पहले सर्दियों में चंबा-जोत मार्ग चार से पांच फीट बर्फबारी होने से तीन माह के लिए यातायात के लिए बाधित रहता था। इस बार लोनिवि की मुस्तैदी से मार्ग तीन से चार दिनों से ज्यादा बाधित नहीं रहने दिया। बर्फबारी के तुरंत बाद विभाग ने मशीनरी लगवाकर मार्ग को बहाल करवाया। यही कारण है कि सर्दियों में भी इस बार मार्ग पर यातायात सुचारू रहा।
सैलानी भी कर रहे आवाजाही
पंजाब से खज्जियार आने वाले सैलानियों को भी जोत के रास्ते गाड़ी चलाने में सुविधा होगी। चंबा से खज्जियार और जोत जाने वाले सैलानियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। इससे जिले के पर्यटन कारोबार को भी लाभ मिलेगा।
चंबा-जोत सड़क पर यातायात बढ़ा
लोनिवि के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि चंबा-जोत मार्ग पर यातायात पहले की तुलना में बढ़ा है। इसलिए विभाग इस मार्ग को चकाचक बना रहा है। मार्ग के सुुधारीकरण के साथ टारिंग शुरू कर दी है।