तुन्नूहट्टी बैरियार पर वाहनों की चेकिंग करते पुलिस कर्मचारी।
- फोटो : Chamba
डलहौजी/बनीखेत/चंबा। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार के दिशा-निर्देशानुसार अब तुन्नूहट्टी और लाहडू स्थित बैरियरों में चेकिंग प्रक्रिया बढ़ा दी गई है। इतना ही नहीं, बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को पुलिस कर्मचारी बिना कोविड टेस्ट या आरटीपीसीआर रिपोर्ट के न आने की सलाह दे रहे हैं।
वहीं, मौसम की मार के बाद अब कोविड संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण पर्यटन स्थल डलहौजी और खज्जियार में वीरवार को 10 से 20 प्रतिशत ही पर्यटकों की ऑक्यूपेंसी रही। जबकि, वीकेंड पर 30 से 35 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रहने की संभावना है।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों को आरटीपीसीआर रिपोर्ट और कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट लाने की हिदायत दी है। उसके बाद अब पर्यटन स्थल डलहौजी के होटलों में बाहरी राज्यों पंजाब और हरियाणा के पर्यटक फोन कर इसके बारे में पूछताछ कर रहे हैं। होटल कारोबारियों को सैलानियों के रोजाना पांच से दस फोन आ रहे हैं। कुल मिला कर सरकार की हिदायत के बाद अब पर्यटक पहाड़ी पर्यटन स्थलों का रुख करने से परहेज करने लगे हैं।
गौरतलब है कि पर्यटन नगरी डलहौजी में करीब 125 होटल सीजन पर पैक रहते हैं। होटल कारोबारियों का कारोबार कोरोना ने बुरी तरह से तहस-नहस करके रख दिया है। ऐसे में अब कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते सरकार की हिदायत के बाद पर्यटक यहां का कम रुख कर रहे हैं।
होटल एसोसिएशन डलहौजी के उपाध्यक्ष करण मोंगा ने बताया कि पर्यटकों के लिए आरटीपीसीआर और कोविड टेस्ट की रिपोर्ट लेकर आने की दी गई हिदायत से पर्यटकों की आमद में कमी आई है। कहा कि वीरवार को डलहौजी के होटलों में 20 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।
डीएसपी डलहौजी विशाल वर्मा ने कहा कि तुन्नूहट्टी बैरियर पर तैनात पुलिस बल को चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पर्यटकों को आरटीपीसीआर और कोविड टेस्ट रिपोर्ट के साथ ही आने के बारे में हिदायत दी जा रही है।