चंबा। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच के पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की है कि पेंशनरों को हर माह की पहली तारीख में पेंशन का भुगतान किया जाए, जिससे पेंशनरों को किसी प्रकार की परेशानी न पेश आए।
यह बात पुराना बस स्टैंड चंबा में आयोजित मंच की बैठक में अध्यक्ष दीवान चंद ने कही। बैठक में विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की गई। बताया कि 2016 से पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बढ़े हुए वेतन का भुगतान एरियर की पहली किस्त के साथ किया जाए। इसके अलावा 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पेंशनरों को निर्धारित पेंशन बढ़ोतरी की सौगात दी जाए। इसके अलावा सरकार की ओर से डीए का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। मेडिकल बिलों का भुगतान भी पिछले दो साल से लटका है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पुरानी पेंशन योजना के तहत आते सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन का भुगतान किया जाए।