चुवाड़ी क्षेत्र में हड्डी रोग विशेषज्ञ नहीं होने से बढ़ीं लोगों की परेशानियां
पठानकोट 56 किलोमीटर दूर, टांडा के लिए लगती है 100 किमी की दौड़
लोग बोले- पिछले एक दशक से कर रहे मांग, अब तक नहीं मिली सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
चुवाड़ी (चंबा)। क्षेत्र के मरीजों को हड्डी रोग के उपचार के लिए पंजाब के अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। इसके चलते मरीजों का मर्ज कम होने के बजाय बढ़ रहा है।
सिविल अस्पताल चुवाड़ी में पिछले एक दशक से हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं हो पाई है। हालांकि, कई बार सरकार और विभाग से मांग की गई है मगर अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पाई है। इससे लोगों में खासा रोष है।
भटियात क्षेत्र की 71 पंचायतों सिविल अस्पताल चुवाड़ी पर निर्भर करती हैं मगर हड्डी रोग विशेषज्ञ न होने के कारण मरीजों को परेशानियां पेश आ रही हैं। मरीजों को उपचार के लिए करीब 56 किलोमीटर दूर पंजाब के पठानकोट में उपचार लेना पड़ रहा है। टांडा के लिए भी करीब 100 किलोमीटर की दौड़ लगानी पड़ रही है। लोगों में सुरेंद्र सिंह, देवी चंद, राज कुमार, अमित कुमार, राजन सिंह, देविया राम, राज कुमार का कहना है कि सिविल अस्पताल चुवाड़ी में हड्डी रोग विशेषज्ञ के लिए वे दस सालों से डिमांड कर रहे हैं। हर बार महज आश्वासन मिले हैं। उन्होंने सरकार और विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती की जाए।
उधर, सीएमओ चंबा डॉ. जालम भारद्वाज का कहना है कि यह मामला उनके ध्यान में है। उन्होंने कहा कि इस बारे में उच्चाधिकारियों के अवगत करवाया है। उम्मीद है कि सरकार जल्द ही चिकित्सक की तैनाती करेगी।