सलूणी में जल्द ही ढाई करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने भूमि का चयन भी कर लिया है।
तहसीलदार सलूणी अजय पराशर ने बताया कि सलूणी में पार्किंग बनाने के लिए वन विभाग के बेरियल के पास साढ़े चार बीघा जमीन का चयन किया गया है। इस पार्किंग स्थल में करीब 250 गाड़ियों को पार्क करने की क्षमता होगी। इसके अलावा पार्किंग की निचली मंजिल में करीब 115 दुकानों का निर्माण किया जाएगा।
ये दुकानें स्थानीय बेरोजगार युवाओं को अपना रोजगार शुरू करने के लिए मुहैया करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह एक आधुनिक पार्किंग स्थल होगा जहां पर गाड़ियों के पार्क करने की व्यवस्था के साथ बेरोजगारों के लिए दुकानों का निर्माण भी किया जाएगा।
गौरतलब है कि सलूणी में पार्किंग की गंभीर समस्या है। पार्किंग न होने के कारण लोगों को सड़क किनारे ही अपनी गाड़ियां खड़ी करनी पड़ती हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन द्वारा एक अहम फैसला लिया गया है। जिससे सलूणी में पार्किंग समस्या तो खत्म होगी लेकिन दूसरी ओर बेरोजगारों को अपना रोजगार शुरू करने के लिए दुकानें उपलब्ध करवाई जाएंगी।