चंबा। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना इंदिरा गांधी सम्मान निधि योजना के पात्रों की पहचान करने वाली सूची ग्राम पंचायत कार्यालयों में धूल फांक रही है। जिला कल्याण विभाग की ओर से करीब दो माह पहले यह सूची जिला की समस्त ग्राम पंचायतों समेत नगर परिषद और नगर पंचायतों को भेजी थी। हैरानी की बात तो यह है कि अभी तक सिर्फ एक ही पंचायत ने यह ब्योरा भेजा है। जबकि शेष 308 पंचायतें, नगर परिषद चंबा, डलहौजी और नगर पंचायत चुवाड़ी की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पाई है। सरकार की यह योजना पात्रों की पहचान के चलते अधर में लटक गई है।
जानकारी के अनुसार इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि योजना को प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही लागू किया। योजना के तहत महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। सरकार ने इस योजनाओं को जब शुरू किया तो इसके लिए कुछेक शर्तें रखीं। शर्ताें के बाद जब आवेदनों की संख्या बढ़ी तो सरकार ने इसके लिए ग्राम पंचायतों को पात्रों की पहचान के लिए अधिकृत किया। ताकि कोई अपात्र महिला इस योजना का लाभ न ले सकें। हालांकि, सरकार का यह कदम सही रहा। लेकिन अब पंचायतें पात्रों की सूचियां जारी नहीं कर रही हैं। इस कारण योजना का लाभ पात्रों को नहीं मिल पा रहा है। जिला चंबा की एकमात्र पंचायत राजपुरा ने यह सूची जारी की है। इसमें एक महिला अपात्र मिली है। जबकि अन्य पंचायतों की ओर से अभी भी सूची जारी नहीं की जा रही है।
अब तक इन्हें मिला लाभ
योजना के तहत जिला चंबा में 1,245 महिलाओं को योजना का लाभ मिला है। तीन माह की एक साथ सम्मान निधि महिलाओं को दी गई है। जबकि योजना के तहत 56 हजार आवेदन पहुंचे हैं।
सिर्फ एक ही पंचायत से पात्रों की सूची मिली है। जबकि विभाग की ओर से अपात्रों की पहचान के लिए सभी पंचायतों और नगर परिषद सहित पंचायत को सूचियां जारी की गई है।
चमन शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी चंबा