चंबा। राजकीय उच्च पाठशाला रजेरा के नाम से बनी ई-मेल आईडी से मैसेज वायरल होने का मामला अब शिक्षा बोर्ड धर्मशाला पहुंच गया है। पहले जहां बीईईओ और विभागीय कार्यालय तक ही मेल से संदेश भेजने का खेल जारी था, लेकिन अब शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की मेल पर भी सैड न्यूज विषय देकर आई नीड योर हेल्प एंड सपोर्ट, आईएम वेटिंग योर आंसर का मैसेज भेजा गया है। ई-मेल से इस तरह का मैसेज मिलने के बाद बोर्ड के अधिकारियों ने तुरंत मुख्याध्यापक से संपर्क किया, जहां उन्होंने ई-मेल न भेजने की बात कही गई।
गौरतलब है कि इससे पहले बीस अगस्त को इस तरह का संदेश ई-मेल के माध्यम से शिक्षा विभाग के कार्यालय, ब्लॉक परियोजना अधिकारी सहित अन्य स्कूलों को जारी हुआ। उसके बाद विभाग ने हरकत में आते हुए 112 टोल फ्री नंबर पर शिकायत की। हालांकि, इस मेल को बंद करवा दिया गया है। अब नई-ईमेल के जरिये दोबारा मैसेज भेजने का सिलसिला शुरू हो गया है। ई-मेल के जरिये अन्य यूजरों को मैसेज मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस में शिकायत करने के बाद अब विभाग यह पता लगा रहा है कि आखिरकार ई-मेल से मैसेज कौन भेज रहा है?
स्कूल मुख्याध्यापक सुभाष मल्होत्रा का कहना है कि अब नई ई-मेल से मैसेज भेजा हा रहा है। इसके बारे में शिक्षा बोर्ड से भी उन्हें कॉल आई है। कहा कि अब पुलिस थाना चंबा में शिकायत दर्ज करवाई गई है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि जल्द ई मेल का खेल पुलिस खत्म करेगी और शरारती तत्व के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेगी।