Now patients will not wander for medicine
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज प्रबंधन मरीजों के बेहतर इलाज के लिए जल्द पचास लाख की दवाइयां खरीदेगा। मेडिकल कॉलेज की कार्यकारी समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, कुछ माह पहले भी पचास लाख की दवाइयां खरीदी गई थीं लेकिन, अस्पताल में मरीजों की बढ़ रही संख्या से दवाइयां कम पड़ रही थीं। इसके चलते प्रबंधन ने दवाइयों की बढ़ रही मांग को देखते हुए अतिरिक्त दवाइयां खरीदने का निर्णय लिया है।
मरीज को उसके बेड पर ही सभी दवाइयां मिलेंगी। हालांकि, सरकार की ओर से भी नियमित रूप से मेडिकल कॉलेज के लिए दवाइयों की सप्लाई की जा रही है। ऐसे में पचास लाख की अतिरिक्त दवाइयों की खरीद से मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा। अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की जरूरत के अनुसार प्रबंधन दवाइयों की सप्लाई का ऑर्डर देगा।
उपचाराधीन मरीजों की बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल में होने वाली दवाइयों की सूची बनाकर अतिरिक्त दवाइयां खरीदी जाएंगी। गौरतलब है कि जिले की पौने छह लाख की आबादी इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पर निर्भर है। यहां रोजाना एक हजार के करीब ओपीडी रहती है।
जबकि, चार मंजिलों में बने वार्डों में 250 से 300 मरीज उपचाराधीन रहते हैं, जिन्हें रोजाना तीन समय दवाइयां दी जाती हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि कार्यकारी समिति की बैठक में पचास लाख की दवाइयां खरीदने का निर्णय लिया गया है। मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए ये दवाइयां खरीदी जा रही हैं। उनका लक्ष्य है कि मेडिकल कॉलेज में आने वाले मरीजों को दवाई के लिए एक रुपया भी खर्च न करना पड़े।