अधिशासी अभियंता से मिलने जाते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
बरोड़ी गांव के ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पानी की समस्या को लेकर आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता से मिला। जिसमें ग्रामीणों ने गांव में चल रही पेयजल समस्या से अधिशासी अभियंता को अवगत करवाया।
गांव के स्थानीय निवासी देविंद्र कश्यप सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बरोड़ी गांव में एक महीने से पेयजल सप्लाई बंद पड़ी है। जिसके बारे में कई बार संबंधित फीटर को भी अवगत करवाया जा चुका है। लेकिन अभी तक पेयजल सप्लाई बहाल नहीं हो पाई है। जिसके चलते ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संबंधित फीटर द्वारा ग्रामीणों को हरेक बार यह कहकर टाल दिया जाता है कि आपके गांव को घराट नाला से नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इस पाइप लाइन से सभी गांव वासियों को पानी का कनेक्शन दिया जाएगा। लेकिन अभी तक घराट नाला से गांव के लिए कोई भी पाइप लाइन नहीं बिछाई गई है।
उन्होंने कहा कि गांव में लगे हैंडपंप भी सूख चुके हैं। जिसके चलते ग्रामीणों को पीने के पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों को पीने के लिये पानी लंबी दूरी तय करके प्राकृतिक स्रोत से ढ़ोना पड़ रहा है। उन्होंने अधिशासी अभियंता पीके शर्मा से गुहार लगाई है कि बरोड़ी गांव में चल रही पानी की समस्या का जल्द समाधान निकाला जाए। उधर, विभाग ने जल्द पानी की समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया है।