चंबा। जिले में गेहूं की बिजाई का इंतजार कर रहे किसानों को अभी तक राहत नहीं मिली है। वहीं, बागवान भी फलदार पौधे लगाने के लिए बगीचों में नमी होने की आस लगाए बैठे हैं। लेकिन हल्की बर्फबारी और बूंदाबांदी से उनको कोई राहत नहीं मिली। अगर जिले में झमाझम बारिश होती है तो किसान गेहूं की बिजाई कर सकते हैं और बागवान भी फलदार पौधे लगाने का कार्य शुरू कर सकते हैं। लेकिन, अभी तक ऐसा नहीं हो पाया है।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह का कहना है कि अभी गेहूं की बिजाई करने का सीजन है। लेकिन, अभी तक बारिश न होने के कारण किसानों को राहत नहीं मिली है। अगर बारिश होती है तो किसान गेहूं की बिजाई कर सकते हैं। इस बार किसानों को पहले की अपेक्षा से अधिक गेहूं का बीज लगाना पड़ेगा। ताकि, फसल अच्छी निकले। वहीं, उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रमोद शाह का कहना है कि जिले में बारिश और बर्फबारी न होने से बागवान फलदार पौधे लगाने के लिए गड्ढे नहीं खोद पा रहे हैं। जिसके लिए नमी की काफी आवश्यकता है। लेकिन, जैसे ही बारिश होती है तो बागवान फलदार पौधों को लगा सकते हैं। पौधे विभाग के पास उपलब्ध है।