मणिमहेश यात्रा पर निकले कई श्रद्धालु भरमाणी माता के दर्शनों से वंचित रह गए। इन श्रद्धालुओं को पुलिस की सख्ती ने यात्रा पूरी करने से रोक दिया। बाहरी राज्यों से भरमौर पहुंचे श्रद्धालुओं की गाड़ियां मुख्यालय में खड़ी नहीं होने दी गई और यात्री गाड़ियों को लेकर हड़सर रवाना हो गए।
भरमौर से करीब 13 किलोमीटर दूर हड़सर से इन यात्रियों को जब भरमाणी माता के दर्शनों बिना यात्रा पूरी न होने की जानकारी मिली तो कुछ 13 किलोमीटर पीछे भरमौर पैदल लौट आए जबकि कुछ मणिमहेश का रुख कर गए। श्रद्धालुओं ने इस अव्यवस्था पर नाराजगी जताई है। श्रद्धालुओं ने बताया कि प्रशासन को मणिमहेश यात्रा से पहले पठानकोट से भरमौर आने वाले मार्ग पर होर्डिंग लगाने चाहिए थे और उनमें यात्रा व पड़ावों का जिक्र करना चाहिए था।
उन पड़ावों पर पार्किंग के प्रबंध होने चाहिए थे। लेकिन यह व्यवस्था नहीं हो पाई। दूसरी बड़ी दिक्कत बुधवार को टैक्सी यूनियन व चालकों की पुलिस के साथ हुई मारपीट से कई श्रद्धालु भरमाणी नहीं जा पाए। दोपहर दो बजे तक निजी वाहन बंद थे। भरमाणी मार्ग पूर्ण रूप से पक्का न होने के कारण बारिश की वजह से फिसलन हो गई है। जिससे कई वाहन मालिक इस मार्ग पर वाहन ले जाने का जोखिम नहीं उठा पाए। बुधवार को बारिश होने की वजह से श्रद्धालु बिना रुकावट के अगले पड़ाव का रुख करते रहे।
प्रशासन करेगा बेहतर प्रबंधों का प्रयास : एडीएम
उधर, अतिरिक्त दंडाधिकारी भरमौर विनय धीमान ने बताया कि आगामी दिनों में व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी। श्रद्धालुओं को पर्याप्त जानकारी दी जाएगी। प्रशासन छोटे स्नान के दौरान पेश आई सभी परेशानियों को दूर करने का प्रयास करेेगा।