त्रिमथ में बनेगा आधुनिक बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम
चुवाड़ी (चंबा)। भटियात क्षेत्र के त्रिमथ को एक करोड़ रुपये से बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम मिलेगा। इसी साल इसका काम शुरू होने की उम्मीद है। इस स्टेडियम के तैयार होने से 60 पंचायतों के 10 हजार के करीब युवाओं, विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों को सीधा लाभ मिलेगा।
जिला खेल अधिकारी रूपेश कुमार ने बताया कि इस परियोजना के लिए बजट की प्रथम स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जबकि अंतिम स्वीकृति के लिए फाइल रीजनल फॉरेस्ट ऑफिस चंडीगढ़ भेजी गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रखी थी। इसके बनने से सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों, महाविद्यालयों की खंड, जिला और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं अब स्थानीय स्तर पर ही आयोजित हो सकेंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। खेल सुविधाओं की उपलब्धता से क्षेत्र के युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त भाटियात क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं और विद्यार्थियों को सुबह-शाम सैर और व्यायाम के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध होगा। वर्तमान में कई लोग सड़कों पर सैर करने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ये सुविधाएं मिलेंगी
करीब 20 बीघा भूमि पर बनने वाले इस मिनी बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम में फुटबाल, वॉलीबाल, बास्केटबाल कोर्ट, इंडोर खेल सुविधा, पर्याप्त पार्किंग, महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग ड्रेसिंग रूम व शौचालय, साथ ही सुंदर पार्क का निर्माण प्रस्तावित है।
हिमाचल प्रदेश में बढ़ते चिट्टा नशे को रोकने के लिए राज्य सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है और एंटी-चिट्टा अभियान लगातार चलाया जा रहा है। वाड़ी क्षेत्र में अब लगभग सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं और खेल मैदान की कमी भी जल्द दूर होने जा रही है।कुलदीप सिंह पठानिया, विधानसभा अध्यक्ष