चंबा के चुराह में बर्फबारी के चलते सफेद हुए पहाड़।संवाद
चंबा। जिले में करीब चार माह के लंबे सूखे के बाद आखिरकार बारिश होने से किसानों और बागवानों के चेहरे खिल उठे हैं। बारिश से गेहूं, जौ और मटर की फसलों को संजीवनी मिली है। वहीं, बागवानों की भी चिंता काफी हद तक दूर हो गई है। सूखे में बोई गई गेहूं की फसल में अब हरियाली आने की उम्मीद जगी है। इसके साथ ही सेब के बगीचों में चिलिंग आवर्स पूरे होने की संभावना बढ़ गई है, जो आने वाले सीजन के लिए बेहद जरूरी माने जाते हैं। बारिश होने से किसान अब आलू की बिजाई कर पाएंगे और बागवान नए पौधों का रोपण भी शुरू कर सकेंगे। कुल मिलाकर जिले में हुई इस बारिश ने किसानों और बागवानों दोनों के लिए नई उम्मीदें जगा दी हैं और आने वाले कृषि व बागवानी सीजन को लेकर सकारात्मक माहौल बना दिया है।