चंबा। स्वर्ण जयंती मिडल मेरिट के मेधावी छात्र-छात्राओं का सत्यापन होगा। इस संदर्भ में प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा की ओर से संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्देशों के मुताबिक चयनित बच्चों का सत्यापन संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी द्वारा किया जाएगा। साथ ही इसी रिपोर्ट एससीईआरटी सोलन भेजनी होगी। माना जा रहा है कि मार्च से पहले छात्र-छात्राओं को स्कॉलरशिप का आवंटन कर दिया जाएगा। साथ ही इसके बाद नियमित तौर पर भुगतान किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार की ओर से स्कूली विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के मकसद से स्वर्ण जयंती मिडल मेरिट स्कॉलरशिप योजना शुरू की गई है। इसके तहत विद्यार्थियों की परीक्षा ली जाती है साथ ही परीक्षा में अव्वल रहने वाले टॉप 12 विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप का प्रावधान है। इसमें छठी कक्षा के विद्यार्थियों को चार, सातवीं कक्षा के विद्यार्थियों को पांच और आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को छह हजार रुपये मासिक प्रदान किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में आर्थिक तंगी नहीं सताएगी। साथ ही अन्य तैयारियां भी कर सकेंगे। वर्तमान समय में वेरिफिकेशन का कार्य चल रहा है। कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुमन कुमार मिन्हास ने खबर की पुष्टि की है। बताया कि वेरिफिकेशन बारे निर्देश जारी कर दिए है। कहा कि संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सत्यापन करेंगे और यह सत्यापित रिपोर्ट एससीईआरटी सोलन को भेजेंगे। मार्च माह से पहले बच्चों को स्कॉलरशिप मिलना शुरू हो जाएगी।