चंबा मेडिकल कॉलेज के सिविल स्टोर में दवाइयों के सैंपल लेते स्वास्थ्य विभाग के दवा निरीक्षक।
- फोटो : Chamba
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में छह दवाइयों के सैंपल भरे गए हैं। दवा निरीक्षक ने मेडिकल कॉलेज के सिविल स्टोर का निरीक्षण कर दवाइयों का लेखा-जोखा जांचा। साथ ही स्टोर में रखी दवाइयों की जांच-पड़ताल भी की। इस दौरान उन्होंने स्टोर में सेवाएं देने वाले फार्मासिस्टों को भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्टाफ से यह भी पूछा कि अस्पताल में मरीजों को सबसे ज्यादा कौन सी दवाइयां दी जाती हैं। उन दवाइयों की गुणवत्ता जांचने के लिए सैंपल लिए गए। इनमें उल्टी, पीड़ा निवारक इंजेक्शन, एंटीएपीलेप्टिक (मिर्गी की दवा) बीपी और गैस की दवाइयों के सैंपल प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे। मेडिकल कॉलेज में मरीजों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों को लेकर चिकित्सक और मरीज शिकायतें कर रहे थे। इसके चलते उनकी गुणवत्ता जांचने के लिए दवा निरीक्षक ने कार्रवाई की। अगर किसी दवाई का सैंपल फेल होता है तो उस दवा बनाने वाली कंपनी को नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही दवाई का इस्तेमाल भी अस्पताल में बंद कर दिया जाएगा। दवा निरीक्षक राकेश कौशल ने बताया कि दवाइयों के सैंपलों को जांच के लिए कंडाघाट स्थित प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।