बनीखेत (चंबा)। हिम आंचल पेंशनर संघ चंबा की जिला स्तरीय बैठक बनीखेत में हुई। इसकी अध्यक्षता संघ के प्रधान कुलदीप शर्मा ने की। बैठक में समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया और पेंशनरों की मांगों को लेकर चर्चा की। सर्वप्रथम निधिया राम और विजय लक्ष्मी महाजन के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक प्रकट किया गया। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बैठक में सदस्यों ने बताया कि संघ की सबसे पुरानी मांग 65, 70 और 75 वर्ष आयु वर्ग की 5,10 और 15 प्रतिशत के हिसाब से वेतन बढ़ोतरी को मूल पेंशन में समायोजित किया जाए। प्रस्ताव पारित किया गया कि नए वेतनमान में जो बढ़ोतरी हुई है, उसका एरियर एकमुश्त शीघ्र दिया जाए।
बैठक में पेंशनरों को 2.57 का फैक्टर देने पर असहमति जाहिर की गई। सरकार से मांग की है कि पंजाब की तर्ज पर 2.59 का फैक्टर प्रदान किया जाए। संघ ने सरकार से पुरानी पेंशन बहाल करने की भी मांग उठाई। इसके अलावा सदस्यों ने चिकित्सा भत्ता 400 से बढ़ाकर 1200 रुपये करने की भी मांग की। बैठक में संघ के कोषाध्यक्ष नारायण दास के आकस्मिक निधन के बाद यह जिम्मेदारी रमेश कुमार जसवाल को सौंपी और उन्हें कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।