चंबा। कसाकड़ा बाजार में पागल कुत्ते ने स्कूली बच्चों समेत 30 राहगीरों का काट लिया। इन लोगों ने मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार करवाने के बाद टीकाकरण केंद्र में एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगवाए। घटना बुधवार दोपहर साढ़े बारह बजे की है, जब एक पागल कुत्ता कसाकड़ा बाजार में राहगीरों पर झपट पड़ा।
देखते ही देखते कुत्ते ने दो दर्जन से अधिक राहगीरों को काट लिया। कन्या पाठशाला और ब्वॉयज स्कूल के विद्यार्थी जब वहां से गुजर रहे थे तो पागल कुत्ता उन पर भी झपट पड़ा। इसके अलावा बस स्टैंड से बाजार जाने वाली महिलाओं और अन्य लोगों को भी कुत्ते ने अपना शिकार बनाया। राहगीरों को काटने के साथ-साथ पागल कुत्ते ने कसाकड़ा में कई आवारा कुत्तों को भी काट दिया। लोगों ने इसके बारे में नगर परिषद को सूचना दी लेकिन, वहां से पागल कुत्ते को पकड़ने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। इसकी वजह से कुत्ता वहां से भागता हुआ बस स्टैंड की तरफ निकल गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कपिल शर्मा ने बताया कि तीस लोगों को पागल कुत्ते ने काटा है, जिन्हें अस्पताल में एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगाए गए हैं।