खज्जियार-लक्कड़मंडी मार्ग ज्यादा समय नहीं रहेगा बंद
बर्फबारी से निपटने के लिए लोनिवि ने कसी कमर
हिमपात के तुरंत बाद मार्ग बहाली का कार्य होगा शुरू
खास खबर
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन के नजरिये से सबसे महत्वपूर्ण खज्जियार-लक्कड़मंडी मार्ग अब बर्फबारी के बाद ज्यादा समय के लिए बाधित नहीं रहेगा। लोक निर्माण विभाग मंडल डलहौजी ने इस स्थिति से निपटने के लिए कमर कस ली है। लोक निर्माण विभाग हिमपात के दौरान लक्कड़मंडी में जेसीबी तैनात रखेगा। इससे मार्ग ज्यादा समय के लिए बाधित नहीं रहेगा। इसके अलावा बर्फबारी के बाद मार्ग पर फिसलन खत्म करने के लिए मिट्टी के बजाय अब रेत बिछाई जाएगी।
गौरतलब है कि सर्दियों के मौसम में खज्जियार और लक्कड़मंडी मार्ग पर काफी बर्फबारी होती है। करीब आठ किलोमीटर की दूरी तक बर्फ हटाने के लिए मशीनरी को दो से तीन सप्ताह का समय लग जाता है। ऐसे में डलहौजी आने वाले पर्यटकों को खज्जियार पहुंचने के लिए वाया चंबा आना पड़ता है। इससे कई बार सैलानी वाया चंबा दूरी अधिक होने के कारण खज्जियार का रुख करने की बजाय अपने घरों की ओर लौट जाते हैं लेकिन, इस बार ऐसा नहीं होगा। सड़क को बर्फबारी के बाद तुरंत बहाल करने का प्रबंध लोक निर्माण विभाग डलहौजी कर रहा है। यहां हर समय मशीन तैनाती रहेगी, जो बर्फबारी थमने पर तुरंत मार्ग बहाल करने में जुट जाएगी। ग्रामीणों उपप्रधान अमर चंद, अशोक कुमार, सोनू कुमार, चंद्रेश कुमार, अनिल कुमार, सनी कुमार, पृथी चंद, अमर सिंह, पवन कुमार, सुरेश कुमार, रवि कुमार ने खुशी जाहिर की है कि लक्कड़मंडी में विभाग अपनी मशीनरी तैनात रखेगा। इससे मार्ग ज्यादा समय तक बाधित नहीं होगा और लोगों की आवाजाही भी प्रभावित नहीं होगी। लोक निर्माण विभाग मंडल डलहौजी के सहायक अभियंता विवेक कुुमार ने यह जानकारी दी है।