चंबा। प्राथमिक पाठशाला भबला के औचक निरीक्षण पर पहुंचे जिला उपशिक्षा अधिकारी को स्कूल के दरवाजे पर सुबह साढ़े दस बजे तक ताला लटका मिला। निरीक्षण पर पहुंची टीम ने केंद्रीय मुख्य शिक्षक को मौके पर बुलाया। साथ ही मिड-डे मील वर्कर के जरिये स्कूल को खुलवाया गया। स्कूल में तैनात जेबीटी अध्यापक तीन से नदारद था।
वहीं, विद्यालय में कैश बुक भी गायब मिली। बताया जा रहा है कि कैश बुक जेबीटी शिक्षक के घर पर मिली। यही नहीं, स्कूल में वर्दी वितरण के रिकॉर्ड में भी खामियां पाई गईं। बहरहाल, जिला उप शिक्षा अधिकारी की ओर से तीन दिन से नदारद चल रहे जेबीटी शिक्षक को नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस में दी जाने वाली समयावधि में संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद जिला उपशिक्षा अधिकारी राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुड़था में औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। यहां पर स्कूल में तैनात शिक्षक मौजूद था और साथ ही समस्त व्यवस्थाएं भी सही पाई गईं।
जिला उप शिक्षा अधिकारी को फोन के जरिये मिली शिकायत के आधार पर बुधवार को राजकीय प्राथमिक पाठशाला भबला और कुड़था में औचक निरीक्षण किया गया। राजकीय प्राथमिक पाठशाला भबला में अध्यापक के न पहुंचने के बारे में मिली शिकायत सही पाई गई। इसके बारे में केंद्रीय मुख्य शिक्षक से भी जानकारी मांगी गई लेकिन, वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। स्कूल में कैश बुक भी नहीं मिली। बहरहाल, अब जिला उप शिक्षा अधिकारी नदारद रहने वाले जेबीटी अध्यापक को नोटिस जारी करेंगे।
नोटिस का जवाब संतोषजनक न होने पर अध्यापक पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा सुधीर सहगल ने बताया कि दूरभाष पर शिकायत मिली थी कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला भबला में अध्यापक अक्सर नदारद रहता है। सूचना के आधार पर बुधवार को जिला उप शिक्षा अधिकारी हितेंद्र कुमार औचक निरीक्षण पर पहुंचे।