कम प्रतिशत वाले मतदान केंद्रों में बढ़ाएं स्वीप गतिविधियां : डीसी
लोकसभा निर्वाचन को लेकर नोडल अधिकारियों के साथ उपायुक्त ने की बैठक
बोले- अधिकारियों को भारतीय चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी होना जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। उपायुक्त ने लोकसभा निर्वाचन के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर विभिन्न नोडल अधिकारियों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तृत समीक्षा की। बुधवार को उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में लोकसभा निर्वाचन- 2024 के तहत नोडल अधिकारियों के साथ भूमिका और जिम्मेदारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि चूंकि प्रक्रिया के वैधानिक कार्यान्वयन में त्रुटियों की कोई संभावना नहीं। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारियों को भारतीय चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की संपूर्ण जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को आयोग की ओर से तैयार मार्गदर्शक पुस्तिका से जानकारी हासिल करने को कहा।
जिले में स्वीप गतिविधियों (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी कार्यक्रम) को और अधिक बढ़ाए जाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उपायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में गतिविधियां संचालित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि गत विधानसभा निर्वाचन के दौरान कम मतदान प्रतिशत वाले मतदान केंद्रों में विशेष प्राथमिकता दी जाए। इस दौरान मतदान प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षा की गई। बैठक में कार्यवाही का संचालन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राहुल चौहान ने किया। आवासीय आयुक्त पांगी रितिका जिंदल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, सहायक आयुक्त पीपी सिंह, उपयुक्त राज्य आबकारी एवं कर कंवर शाह देव कटोच, वरिष्ठ वैज्ञानिक केवीके डॉ. केहर सिंह, सिंह, जिला प्रबंधक उद्योग चंद्रभूषण, सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।