राजकीय माध्यमिक पाठशाला ककला का शुभारंभ करते विधायक पवन नैयर व अन्य गण्यमान्य लोग।
- फोटो : Chamba
चंबा। राजकीय माध्यमिक पाठशाला ककला को शुक्रवार को सदर विधायक पवन नैयर ने उद्घाटन किया। यह पाठशाला पहले प्राथमिक थी। सदर विधायक ने लोगों की इस मांग को प्रमुखता के साथ उठाया और इसका दर्जा बढ़ाने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने विधायक की मांग पर स्कूल का दर्जा बढ़ाने की घोषणा की। शुक्रवार को जब विधायक ने इसका शुभारंभ किया तो स्कूल में छठी में एक छात्र ने एडमिशन भी ली। उद्घाटन करने के बाद विधायक ने लोगों को संबोधित किया।
लोगों की मांग पर उन्होंने रजेरा स्कूल के खेल मैदान के लिए चार लाख देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने गांव के रास्ते के निर्माण के लिए दो लाख की धनराशि देने का एलान किया। जबकि, ककला और थलोल स्कूल के लिए दो-दो लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क और शिक्षा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है।
रजेरा से संगेड़ तक सड़क बनाने की लोग लंबे समय से मांग कर रहे थे, जिसे बनाने का उन्होंने विस चुनाव में वादा किया था। अपने वादे को पूरा करते हुए अब इस सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। लोगों ने स्कूल अपग्रेड करने और सड़क बनाने के लिए विधायक का आभार जताया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।