चंबा। राजकीय प्राथमिक पाठशाला भैड़ोई में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों ने उपायुक्त से मांग की है कि स्कूल में अध्यापक की कमी को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने प्रशासन को चेताया है कि अगर एक सप्ताह में अध्यापक की तैनाती नहीं की गई तो वे उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे।
डीसी से मिले प्रतिनिधिमंडल में शामिल अभिभावक दर्शन कुमार, सीता देवी, रेखा देवी, कांता देवी, देशराज, दिनेश कुमार और विमला देवी ने बताया कि स्कूल में 105 विद्यार्थी वर्तमान में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल में जेबीटी अध्यापकों के दो पद स्वीकृत हैं लेकिन एक पद दिसंबर से खाली पड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि स्कूल में एक ही अध्यापक वर्तमान में सेवाएं दे रहा है जबकि स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या काफी ज्यादा है। उन्होंने बताया कि इसके बारे में वे शिक्षा विभाग को भी अवगत करवा चुके हैं लेकिन आज दिन तक विभाग की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। अभिभावकों ने उपायुक्त डीसी राणा को ज्ञापन सौंप कर मांग की है कि जल्द स्कूल में एक और अध्यापक की तैनाती की जाए।