चंबा। पीरियड बेसिज स्कूल टीचर एसोसिएशन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सरकार को चेताया है कि अगर दस दिन के भीतर स्कूल प्रबंधन समिति शिक्षकों के लिए कोई स्थायी नीति की व्यवस्था नहीं की जाती है तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। रविवार को इरावती होटल में पत्रकारवार्ता के दौरान एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अमित कुमार ने यह बात कही।
उन्होंने बताया कि एसएमसी के तहत नियुक्त अधिकतर भाषा अध्यापक और शास्त्री बाहर होने की कगार में हैं। अगर ऐसा ऐसा हो जाता है और दस दिन के भीतर सरकार स्थायी पॉलिसी का प्रावधान नहीं करती है तो वे परिवार सहित आंदोलन करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में 2555 शिक्षक एसएमसी के तहत दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं देकर शिक्षा का अलख जगा रहे हैं। सरकार की ओर से दिए जाने वाला मानदेय काफी कम है।
इससे उन्हें परिवार के पालन पोषण में दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार से इसके बारे में वे कई बार मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक सरकार ने कोई पहल नहीं की है। इससे समस्त एसएमसी शिक्षकों में रोष है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि दस दिन के भीतर उनके लिए स्थायी नीति का प्रावधान किया जाए। इस मौके पर तीसा इकाई अध्यक्ष जन्म सिंह, सलूणी अध्यक्ष ललित कुमार, मैहला अध्यक्ष चमन शर्मा, चंबा के अध्यक्ष विवेक कुमार, जिला मीडिया प्रभारी विजय कुमार, धर्मेश, छिंदू, रितु, कार्तिक, अनु, पूजा देवी, राकेश कुमार, नरेश कुमार, बजर सिंह और कोषाध्यक्ष सनी कुमार मौजूद रहे।