चंबा। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चालक 70 महीनों से रात्रि भत्ते के भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। चालक संघ चंबा ने जल्द इसका भुगतान करने की मांग की है। संघ के प्रधान हेम राज, सदस्य ओंकार, रविंद्र कुमार, रवि कुमार, दलीप कुमार और किशन चंद ने बताया कि सरकार और निगम प्रबंधन द्वारा बार-बार दिए गए आश्वासनों के बावजूद अब तक यह राशि जारी नहीं हो पाई है। भुगतान के लिए तय की गई 31 जनवरी की समयसीमा भी समाप्त हो चुकी है, लेकिन चालकों के खातों में अब तक पैसा नहीं पहुंचा।
चालकों का कहना है कि वे दुर्गम और लंबी दूरी के रूटों पर रात-रात भर ड्यूटी कर यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाते हैं, लेकिन इसके बदले मिलने वाला रात्रि भत्ता वर्षों से लंबित है। बढ़ती महंगाई के बीच रात्रि भत्ता उनके लिए अतिरिक्त सुविधा नहीं बल्कि जरूरी आय का साधन है। कई चालकों को बच्चों की पढ़ाई, मकान का किराया और घरेलू खर्च पूरे करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
चालकों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार आंदोलन करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इतना ही नहीं, कई बार वेतनमान भी समय पर नहीं मिल पाता, जिससे आर्थिक परेशानी और बढ़ जाती है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही रात्रि भत्ते का भुगतान नहीं किया गया तो वे आंदोलन तेज करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह सरकार और निगम प्रबंधन की होगी।
उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने कहा कि चालकों की विभिन्न मांगों और समस्याओं के बारे में उच्चाधिकारी को अवगत करवाया जा चुका है। उम्मीद है कि जल्द ही उनकी समस्याओं को समाधान हो जाए।