20 दिन से परिवहन निगम ने रूटों पर नहीं भेजीं बसें
लोग टैक्सी और निजी वाहन में सफर करने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
नकरोड़ (चंबा)। चुराह विधानसभा क्षेत्र के सबसे दुर्गम इलाकों में लोगों को सरकारी बस सेवाएं नहीं मिल रही हैं। इसकी वजह से लोगों को निजी वाहनों या टैक्सी में महंगे दाम चुकाकर सफर करना पड़ रहा है। चंबा से दियोला और चंबा से चांजू के लिए जाने वाली सरकारी बस सेवाएं 20 दिन से बंद पड़ी हैं। इन बसों को सुचारु करवाने के लिए परिवहन निगम कोई भी उचित कदम नहीं उठा रहा है। इसका खामियाजा स्थानीय जनता को भुगतना पड़ रहा है। इन रूटों पर चार साल के बाद पिछले माह बसें चलाई गई थीं लेकिन एक सप्ताह तक बसें चलाने के उपरांत निगम ने रूटों पर अपनी बसें भेजना दोबारा बंद कर दिया है। इसके चलते लोगों को टैक्सी या निजी वाहनों से अपने गंतव्यों तक जाना पड़ रहा है। बस सेवा नहीं मिलने से लोग टैक्सी में ओवरलोडिंग का शिकार हो रहे हैं। इससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। इसके कई प्रमाण चुराह की सड़कों पर पहले भी देखने को मिल चुके हैं।
स्थानीय निवासी अशोक कुमार, तेज सिंह, यशपाल, ओपी शर्मा, होशियार सिंह, पवन नेगी, बलदेव और कृष्ण नेगी ने बताया कि चंबा से दियोला और चांजू के लिए सरकारी बस चलाने की मांग स्थानीय लोग लंबे समय से कर रहे हैं। आधा दर्जन से अधिक पंचायतों के लोग इन बस सेवाओं से लाभान्वित होते हैं। साथ ही चांजू और दियोला चुराह के सबसे दुर्गम क्षेत्र माने जाते हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि इन रूटों पर बसों को शीघ्र सुचारु करवाया जाए। क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल कुमार ने बताया कि इन रूटों पर बंद की गईं बसों को शीघ्र चलाने की व्यवस्था करवाई जाएगी।